Khabarwala24 Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में थाना सिंभावली क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में बुधवार रात तेज बारिश के चलते एक मकान की कच्ची छत अचानक ढह गई। इस हादसे के वक्त कमरे में सो रहे दंपत्ति मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
रात में अचानक ढह गई कच्ची छत (Hapur News)
गांव के निवासी प्रेम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके परिवार में सभी बेटों के रहने के लिए अलग-अलग कमरे बने हुए हैं। उनका बेटा देवेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है। आर्थिक तंगी और कमजोर माली हालत के चलते उसके कमरे की छत कच्ची ही बनी हुई थी।
बुधवार की रात जब इलाके में भीषण बारिश हो रही थी, तब देवेंद्र अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक सीलन और भारी पानी के दबाव से कच्ची छत भरभराकर नीचे आ गिरी, जिससे दोनों पति-पत्नी मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, अस्पताल में इलाज जारी (Hapur News)
अचानक हुई तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे को हटाया और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, मिलेगी आर्थिक मदद (Hapur News)
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले पर जानकारी देते हुए तहसीलदार पवन यादव ने बताया कि राजस्व टीम और लेखपाल को तत्काल मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद सरकारी नियमानुसार पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक मुआवजा और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










