Khabarwala24 Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब आईसीआईसीआई बैंक के बाहर एक बैंक कर्मी ने अपनी अफसर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने किराए के मकान में जाकर बहन को भी मौत के घाट उतारा और खुद को गोली मारकर जान दे दी।
बैंक के बाहर घात लगाकर किया हमला (Lucknow News)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका दिव्या मिश्रा गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात थीं। वे मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। घटना वाले दिन दिव्या अपने किसी क्लाइंट से मुलाकात करके जैसे ही बैंक परिसर के बाहर पहुंचीं, वहां पहले से घात लगाकर बैठा उनका पति मानस बाजपेयी सामने आ गया।
दोनों के बीच कुछ ही देर बातचीत हुई और देखते ही देखते मानस ने पिस्टल निकालकर दिव्या पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दिव्या लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचकर बहन को मारी गोली, फिर की खुदकुशी (Lucknow News)
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मानस बाजपेयी लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित अपने किराए के कमरे पर पहुंचा। वहां उसने अंदर से दरवाजा बंद किया और अपनी बहन शीबा बाजपेयी को गोली मार दी। इसके बाद उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
तलाक का केस और पारिवारिक कलह बनी वजह (Lucknow News)
जांच में सामने आया है कि आलमबाग निवासी दिव्या और एसबीआई में कार्यरत मानस के बीच पिछले काफी समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। लगभग एक साल पहले दिव्या ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मानस अपनी बहन शीबा के साथ किराए के मकान में रहता था। उनके माता-पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका था। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरी घटना के घटनाक्रम का सही अंदाजा लगाया जा सके।
पुलिस जांच और फोरेंसिक कार्रवाई जारी (Lucknow News)
फोरेंसिक टीम ने दोनों घटना स्थलों से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल में मामला वैवाहिक विवाद और मानिसक तनाव से जुड़ा नजर आ रहा है। फिलहाल तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










