Khabarwala 24 News Hapur: जनपद हापुड़ में प्राथमिक शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को जिले के 12 प्राथमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य के लिए 208.17 लाख रुपये का बजट क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से स्वीकृत किया गया। इस राशि को विधिवत रूप से कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को हस्तांतरित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की मौजूदगी में एचपीडीए (Hapur-Pilkhuwa Development Authority) के उपाध्यक्ष डा.नितिन गौड़ द्वारा यह धनराशि सौंपी गई।
स्कूली भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं (Hapur)
अधिकारियों ने बताया कि जिन प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया है, वहां लंबे समय से भवनों की मरम्मत और पुनर्निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस परियोजना के तहत विद्यालयों के जर्जर भवनों को सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सुरक्षित स्कूल भवन बेहद आवश्यक हैं और यह पहल उसी दिशा में एक ठोस प्रयास है।
तय समय में कार्य होगा पूरा (Hapur)
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कार्यों को तय समय सीमा और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह रहे मौजूद (Hapur)
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) हापुड़, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सचिव एचपीडीए, सहायक अभियंता नृपेश तोमर एवं अजय सिंहल विशेष रूप से उपस्थित रहे।


