Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रिश्ता टूटने से बौखलाए एक युवक ने देर रात अपनी पूर्व मंगेतर और उसकी सगी बहन पर तेजाब से हमला कर दिया। इस तेजाबी हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, परिजनों ने अदम्य साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और झुलसी हुई दोनों बहनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।
नशे की लत के कारण तोड़ा गया था रिश्ता (Hapur News)
गांव निवासी पीड़ित पिता के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले हर्ष भाटी नाम के युवक से तय किया था। रिश्ता तय होने के कुछ समय बाद ही लड़की के परिवार वालों को जानकारी मिली कि हर्ष भाटी नशे का आदी है और आए दिन नशा करता रहता है। बेटी के सुरक्षित भविष्य को देखते हुए परिजनों ने इस रिश्ते को समाप्त करने का फैसला किया। रिश्ता टूटने की बात आरोपी हर्ष भाटी को नागवार गुजरी और वह लड़की के परिवार से रंजिश रखने लगा।
आधी रात को तेजाब की केन लेकर पहुंचा आरोपी (Hapur News)
रंजिश के चलते शनिवार की देर रात करीब 2 बजे आरोपी हर्ष भाटी तेजाब की केन लेकर सिंभावली स्थित पीड़िता के घर पहुंच गया। आरोपी ने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही पीड़िता ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर तेजाब उड़ेल दिया। तेजाब पड़ते ही पीड़िता दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी। अपनी बहन की चीख सुनकर जब उसकी सगी बहन तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़ी, तो आरोपी ने उस पर भी तेजाब फेंक दिया। इस हमले में दोनों बहनें झुलस गईं।

परिजनों ने आरोपी को बनाया बंधक, पुलिस ने किया गिरफ्तार (Hapur News)
चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी हर्ष भाटी को घेरकर पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके तुरंत बाद परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ित बहनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
क्या कहते हैं सीओ (Hapur News)
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी हर्ष भाटी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अवैध रूप से तेजाब कहां से लेकर आया था। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फार्रेसिंक टीम भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










