Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के चर्चित गौरव त्यागी हत्याकांड में इंसाफ की गुहार लेकर पीड़ित परिवार शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा। मृतक गौरव त्यागी की पत्नी रेशू, मासूम बच्चे आरव व गोरा, मां अनीता और बहन सपना ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कविता मीना तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मुलाकात की। इस दौरान पीड़ित परिवार ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
फांसी की सजा और ‘गौरव नगर’ नाम रखने की मांग (Hapur News)
डीएम और एसपी से मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा उन्हें अदालत से फांसी की सजा दिलाने की मांग की। इसके साथ ही परिजनों ने शासन-प्रशासन से गांव का नाम बदलकर ‘गौरव नगर’ रखने, परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने, मासूम बच्चों की पढ़ाई की समुचित व्यवस्था कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वस्त किया कि नियमानुसार हर संभव मदद कराई जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
19 अगस्त को कार सवार बदमाशों ने बोला था हमला (Hapur News)
उल्लेखनीय है कि बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी फतेह सिंह का इकलौता पुत्र गौरव त्यागी 19 अगस्त की सुबह वर्ष 2021 में हुए जमीनी विवाद और हत्या के प्रयास के मुकदमों की पैरवी के सिलसिले में निकला था। जैसे ही वह थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के धनौरा रोड पर गांव ददायरा के चौराहे के पास पहुंचा, तभी कार सवार सात लोगों ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया।
हथौड़ों और धारदार हथियारों से किया गया था हमला (Hapur News)
बाइक से गिरने के बाद आरोपी हमलावरों ने गौरव त्यागी पर हथौड़ों, लाठियों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान गौरव त्यागी ने दम तोड़ दिया था।
6 आरोपी गिरफ्तार, एक ने कोर्ट में किया सरेंडर (Hapur News)
गौरव त्यागी की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और गांव में महापंचायत का आयोजन भी किया गया था, जिसमें दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठी थी। मामले की जांच में जुटी हापुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में घायल एक आरोपी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सातवें आरोपी ने गाजियाबाद अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर मजबूत पैरवी की जा रही है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










