Khabarwala 24 News Hapur: Hapur Newsपावन वैशाख अमावस्याके अवसर पर तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान को लेकर भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। सुबह से ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया, पूजन-अर्चना की और मंदिरों के दर्शन किए।हर-हर गंगे, जय मां गंगे के उद्घोष से पूरा घाट गूंज उठा। बृहस्पतिवार देर शाम से ही हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। शुक्रवार सुबह चार बजे से गंगा किनारे श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
मुख्य घाटों पर उमड़ी भीड़ (Hapur News)
श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा भीड़ घंटाघर घाट, आरती स्थल घाट, चौरासी घंटे वाला घाट, पीडब्ल्यूडी वीआईपी घाट और कन्हैया घाट पर देखी गई। इन घाटों पर अतिक्रमण करने वालों को अमावस्या से एक दिन पहले ही पुलिस प्रशासन ने हटा दिया था, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। स्वच्छ और सुव्यवस्थित घाटों पर भक्तों ने आराम से गंगा स्नान किया।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर विराजमान पुरोहितों से पितरों के निमित्त पिंडदान, तर्पण और अन्य पितृ कार्य पूर्ण कराए। इस पावन अवसर पर गंगा नगरी की धर्मशालाएं और आश्रम खचाखच भर गए। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
भजन-कीर्तन और मंदिर दर्शन (Hapur News)
दिल्ली वालों की धर्मशाला और अन्य आश्रमों समेत कई स्थानों पर रात्रि में भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालु गंगा मैया का गुणगान करते हुए प्रेम से झूमते रहे। स्नान, पूजा-पाठ और पितृ कार्य पूर्ण करने के बाद भक्त अपने इष्ट देवी-देवताओं के मंदिरों में पहुंचे और माथा टेककर परिवार में सुख-शांति तथा सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगीं।
ब्रजघाट प्रशासन और पुलिस ने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी, पेयजल और यातायात प्रबंध किए गए थे।
दान पुण्य, पितृ तर्पण का विशेष महत्व (Hapur News)
वैशाख अमावस्या पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और पितृ तर्पण का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। ब्रजघाट जैसे प्राचीन तीर्थ स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं का एकत्र होना गंगा भक्ति की जीवंत मिसाल है।
इस बार भी ब्रजघाट में वैशाखी अमावस्या का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जो उत्तर भारत की धार्मिक परंपराओं की निरंतरता को दर्शाता है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



