Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव दोताई के जंगल में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोशल मीडिया पर एक तेंदुए की तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी। वायरल फोटो में एक तेंदुआ सड़क किनारे सफेदे (यूकेलिप्टस) के ऊंचे पेड़ पर चढ़कर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर मेरठ मार्ग स्थित दोताई के जंगल की है, जिसे देर रात वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया था। इस तस्वीर के सामने आते ही आसपास के गांवों में तेंदुए को लेकर भारी दहशत का माहौल बन गया है।
रात के अंधेरे में कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ (Hapur News)
स्थानीय निवासियों का दावा है कि मेरठ मार्ग से गुजरते समय सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ पर हलचल दिखाई दी। जब मोबाइल की रोशनी और कैमरे से देखा गया तो पेड़ की टहनियों के बीच एक तेंदुआ बैठा हुआ था। ग्रामीण ने तुरंत उसकी तस्वीर खींची, जो सुबह होते-होते क्षेत्र के तमाम व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गई। तस्वीर देखकर आसपास के किसान और ग्रामीण अपने खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं।
वन विभाग की टीम ने लिया मुआयना, पंजों के निशान तलाशे (Hapur News)
तेंदुए की फोटो वायरल होने और ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ (DFO) गौतम सिंह और रेंजर करन सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वन विभाग की अधिकारियों ने उस स्थान का मुआयना किया जहां तेंदुआ पेड़ पर देखा गया था। टीम ने आसपास के खेतों में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के लिए पंजों के निशान (पगमार्क) तलाश किए और साक्ष्य जुटाए।
View this post on Instagram
किसानों में डर का माहौल, मूंजी की कटाई को लेकर बढ़ी चिंता (Hapur News)
क्षेत्रीय ग्रामीणों – सुशील कुमार, डीपी निषाद, मोहसिन खान और फ़ुज़ैल चौधरी ने बताया कि गढ़ व आसपास के तहसील क्षेत्र में काफी समय से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई है। खादर क्षेत्र में पूर्व में तेंदुआ एक किसान पर जानलेवा हमला भी कर चुका है, जबकि कई आवारा व पालतू पशुओं को शिकार बना चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि अब क्षेत्र में मूंजी (धान) की कटाई का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में किसानों और मजदूरों को दिन-रात खेतों में काम करना पड़ेगा। तेंदुए के खौफ के कारण किसान अकेले खेतों में चारा लेने जाने से भी डर रहे हैं और मजबूरी में लाठी-डंडों से लैस होकर समूहों में खेतों का रुख कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर किसी सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए।
पेड़ों की टहनियां काटने के निर्देश, खादर में पहले से लगा है पिंजरा (Hapur News)
मामले की जानकारी देते हुए वन रेंजर करन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट है। मेरठ मार्ग स्थित जिस पेड़ पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया था, उस स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से टीम को आसपास के पेड़ों की घनी टहनियों को काटकर हल्का करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दूर से भी किसी वन्यजीव की स्थिति स्पष्ट देखी जा सके।
रेंजर ने बताया कि ग्रामीणों की पूर्व मांग पर खादर के जंगल में तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा पहले ही लगाया जा चुका है। वहीं, डीएफओ गौतम सिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अकेले जंगल न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










