Khabarwala 24 News Hapur: बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हाफिजपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर मजदूरों और कमजोर वर्ग के लोगों को 25 हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने एनएचएआई की टीम के सहयोग से यह अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया।
हेलमेट और सीट बेल्ट पर दिया गया विशेष जोर (Hapur)
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न केवल चालान से बचने के लिए, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में कोहरे और ठंड के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सभी वाहन चालक गति नियंत्रित रखें और पूरी सतर्कता के साथ वाहन चलाएं।
हेलमेट नहीं, जीवन रक्षक कवच (Hapur)
हेलमेट वितरण कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस चालान से बचने का जरिया नहीं है, बल्कि यह एक जीवन रक्षक कवच है। दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर को गंभीर चोटों से बचाता है और कई बार जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
पुलिस द्वारा हेलमेट प्राप्त करने वाले दोपहिया वाहन चालकों ने भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएंगे और यातायात नियमों का पालन करेंगे।
पुलिस और एनएचएआई की संयुक्त पहल (Hapur)
इस अभियान में एनएचएआई की टीम ने भी सहयोग किया और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर लोगों को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


