Hapur News Khabarwala 24 News Hapur: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिजारसी टोल प्लाजा पर एक कार ने टोल प्लाजा पर कार्यरत शिफ्ट इंचार्ज को टक्कर मारी और रौंदते हुए निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कार चालक घटना के तुरंत बाद कार को लेकर मौके से फरार हो गया। इस मामले में टोल प्रबंधक की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
रविवार की सुबह प्रतिदिन की तरह छिजारसी टोल प्लाजा पर शिफ्ट इंचार्ज शेखर यादव अपना कार्य कर रहे थे। जब वह किसी कार्य के लिए टोल की ओर आ रहे थे। उसी दौरान एक कार तेज गति से आई और उन्हें टक्कर मारकर रौंदते हुए निकल गई। इससे पहले इंचार्ज ने कार से बचने का पूरा प्रयास किया था। वहीं, शोर की आवाज सुनकर मौके पर अन्य टोलकर्मी पहुंचे। तब तक कार चालक कार को लेकर मौके से लेकर फरार हो गया। टोलकर्मियों ने घायल को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी। टोल प्रबंधक संदीप जाधव की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। टोल से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



