हरारे, 4 फरवरी (khabarwala24)। भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। टीम इंडिया ने 311 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए इतिहास भी रच दिया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप में सफलतापूर्वक चेज किया गया सबसे बड़ा टारगेट था।
बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 41.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इसी के साथ टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2006 में आयरलैंड के विरुद्ध 305 रन का टारगेट हासिल कर लिया था।
इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका तीसरे पायदान पर है, जिसने बांग्लादेश के विरुद्ध साल 2022 में 294 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दर्ज की थी। वेस्टइंडीज की टीम साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ 292 रन का सफलतापूर्वक पीछा कर चुकी है।
इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 621 रन बनाए। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ गेम में दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड (340/5 और 291/9) के बीच चट्टोग्राम में खेले गए मुकाबले में कुल 631 रन बने थे।
हरारे में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तानी टीम 117 के स्कोर तक खालिद अहमदजई (31) और उस्मान सादात के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी।
यहां से उजैरउल्लाह नियाजी ने फैसल शिनोजादा के साथ 130 गेंदों में 148 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। फैसल 93 गेंदों में 15 चौकों के साथ 110 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नियाजी ने 86 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ 101 रन की पारी खेली। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में भारत ने 41.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। भारत की तरफ से आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों में 2 छक्कों और 15 चौकों के साथ 115 रन की पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यंवशी ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए। इनके अलावा, कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
भारत ने 10वीं बार खिताबी मैच में प्रवेश किया है, जहां उसका सामना इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


