नई दिल्ली, 16 जनवरी (khabarwala24)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मिली शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने इस जीत के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व को सराहा है।
एक्स पोस्ट में सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड विजय, प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास और सुशासन की राजनीति को मिली व्यापक स्वीकृति का सशक्त प्रमाण है। यह ऐतिहासिक जनादेश स्पष्ट करता है कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास, स्थिरता, राष्ट्रवाद और सुशासन की राजनीति को पूर्ण विश्वास के साथ स्वीकार किया है। यह विजय महायुति सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों, संगठन की सामूहिक शक्ति और हमारे समर्पित, कर्मठ एवं अनुशासित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई तथा महाराष्ट्र की प्रबुद्ध जनता के प्रति हृदय से आभार। यह जनादेश ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित महाराष्ट्र’ के संकल्प के प्रति जन-जन की सशक्त एवं सकारात्मक भावना की अभिव्यक्ति है।
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा–शिवसेना महायुति की प्रचंड विजय ने स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता को नेतृत्व, नीयत और नीति पर अटूट भरोसा है। यह जीत पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की विकासोन्मुख सोच और महायुति सरकार के सुशासन पर जनता की मजबूत मुहर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे तथा दिन-रात परिश्रम करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को इस शानदार विजय की हार्दिक बधाई।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा व सहयोगी दलों की ऐतिहासिक जीत पारदर्शी प्रशासन, जवाबदेह शासन और जनता के विश्वास की प्रबल अभिव्यक्ति है। पीएम मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कुशल नेतृत्व में राज्य में विकास, स्थिरता और सुशासन को जनता ने एक बार फिर अपना समर्थन प्रदान किया है। यह सफलता भाजपा महाराष्ट्र के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और महाराष्ट्र की जनता-जनार्दन के विश्वास का परिणाम है, सभी को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


