नई दिल्ली, 13 जनवरी (khabarwala24)। विकसित बिहार के लक्ष्य को देखते हुए एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा पर निकलने वाले हैं। यह यात्रा जनता के उस जनादेश के बाद है, जिसमें एनडीए ने भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव 2025 में जीत हासिल कर सरकार बनाई।
नीतीश कुमार ने इतिहास रचते हुए 10वीं बार सीएम पद की शपथ ली। अब जनता का धन्यवाद और विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए सीएम समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे, जहां वे लोगों से भी बातचीत करेंगे।
बिहार विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 16 जनवरी से शुरू होने वाली समृद्धि यात्रा पर कहा कि यह यात्रा आने वाले समय में बिहार के विकास को नई गति देगी। बिहार अब धीरे-धीरे ‘विकसित बिहार’ बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने पहले भी कई यात्राएं की हैं और उनके परिणाम सकारात्मक रहे हैं। चुनाव से पहले ‘प्रगति यात्रा’ की गई थी, जिसमें उन्होंने 50 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं की घोषणा की थी। उन योजनाओं का कार्यान्वयन अब हो रहा है। सड़क क्षेत्र, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा सहित सभी क्षेत्रों में बेहतर कार्य हो रहे हैं।
स्वाभिमान पर्व पर बिहार विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि आज पूरे भारत में सोमनाथ मंदिर की हजार साल की यात्रा के बाद स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जा रहा है। पूरा देश इस कार्यक्रम को बहुत उत्साह के साथ मना रहा है। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मैं इस कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहा हूं।
नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर बिहार के लोगों में भारी उत्साह है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर महनार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड जंदाहा, पानापुर बटेश्वरनाथ में वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर महनार सहित पूरे वैशाली जिले की जनता में खासा उत्साह है। इस मौके पर जिले के विभिन्न विभागों के कई पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


