पटना, 4 मार्च (khabarwala24)। बिहार में बुधवार को रंगों का पर्व होली उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। मुख्य सड़कों से मुहल्लों तक और गांव की गलियों से लेकर कस्बों तक में बच्चों, युवाओं की टोली नजर आ रही है और रंगों के इस त्योहार में रंग से सराबोर हो रहे हैं।
इस बीच, बिहार की सियासत में भी होली पर्व जमकर मनाया जा रहा है। प्रदेश के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव पटना के गांधी मैदान में अपने समर्थकों के साथ होली खेली। दानापुर के विधायक और मंत्री रामकृपाल यादव ने गांधी मैदान में जमकर होली खेली। इस क्रम में उन्होंने फगुआ गीत भी गाया है और उन गीतों पर झूमे भी। पूरा इलाका रंगों से सराबोर हो गया।
गांधी मैदान में आयोजित इस मौके पर जमकर अबीर और गुलाल उड़ाए गए। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से इसी स्थान पर जो मॉर्निंग वॉकर्स संघ है, उनके माध्यम से होली का आयोजन किया जाता है और आज पुन: हम लोग होली मना रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर बिहारवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी। खासकर किसानों को उन्होंने होली की शुभकामनाएं दी।
इधर, राजद के अध्यक्ष लालू यादव के पुत्र और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के आवास पर भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इस मौके पर वृंदावन की रासलीला टीम की प्रस्तुति भी होगी।
तेज प्रताप यादव ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, “रंगों का जीवंत त्योहार होली आनंद, नवजीवन और एकजुटता का प्रतीक है। होली के इस पावन अवसर पर आप सभी साथियों को सूचित करना चाहता हूं कि हमारे 42 ए, हार्डिंग रोड स्थित आवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन होने जा रहा है।”
उन्होंने लोगों को आमंत्रित करते हुए लिखा, “होली मिलन समारोह” में “वृंदावन की रासलीला टीम” द्वारा जीवंत और पारंपरिक प्रस्तुतियों संग होली मिलन कार्यक्रम को भव्य रूप में मनाया जाएगा, जिसमें आप सभी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।”
तेज प्रताप के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की होली को लोग आज भी याद करते हैं जब मुख्यमंत्री आवास में खास तौर पर कुर्ता फाड़ होली का आयोजन किया जाता था। समर्थक सीएम का कुर्ता भी फाड़ देते थे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होता था।
–khabarwala24
एमएनपी/एएस
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


