Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने घर के भूसे वाले कमरे में मौजूद 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर जब उसका भाई मौके पर पहुंचा, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए और धक्का देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भूसे के कमरे से आई बहन की चीख (Hapur News)
पीड़ित भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रात की ड्यूटी करने के बाद घर लौटा था और अपने कमरे में सो रहा था। सुबह करीब 8 बजे अचानक उसे पास बने भूसे के कमरे से अपनी 17 वर्षीय बहन की चीखने की आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका के चलते जब वह तुरंत भूसे के कमरे की तरफ भागा, तो वहां गांव का ही रहने वाला आरोपी नितिन उसकी बहन के साथ जबरन दुष्कर्म कर रहा था।
पीड़ित भाई ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी नितिन को मौके पर ही पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने झपटा मारकर उसे जोर से धक्का दे दिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता के भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके पर अपनी चप्पलें छोड़कर तेजी से फरार हो गया।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास, पूर्व में भी की थीं हरकतें (Hapur News)
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी नितिन आदतन आपराधिक मानसिकता का व्यक्ति है। इससे पहले भी वह गांव की ही एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर चुका है। इतना ही नहीं, करीब एक वर्ष पूर्व बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र की एक अन्य लड़की के साथ भी उसने इसी तरह की घिनौनी हरकत की थी। परिजनों का कहना है कि पूर्व में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई न होने के कारण उसके हौसले लगातार बुलंद हो रहे थे, जिसके चलते उसने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने केवीएस स्कूल के पास से दबोचा (Hapur News)
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाबूगढ़ पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन को केवीएस (KVS) स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










