Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News थाना हाफिजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अब्दुल्लापुर मोड़ी में पति की लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और अवैध संबंधों से तंग आकर एक विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया। महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद पर ज्वलनशील तेल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को दिल्ली के एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां 10 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार 19 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ साजिश रचने व आत्महत्या के लिए उकसाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध संबंधों के विरोध पर रोज होती थी मारपीट (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले के थाना गजरौला स्थित ग्राम सुनपुरा कलां निवासी मोहम्मद जाकिर (पुत्र स्वर्गीय रहीस अहमद) ने हाफिजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जाकिर ने बताया कि वह 9 अगस्त को अपनी बहनों से मिलने अब्दुल्लापुर मोड़ी आया था और अपनी बहन रिहाना के घर पर ठहरा हुआ था। उसी रात करीब 11:30 बजे उसकी दूसरी बहन अफसाना और उसके पति नसीर (पुत्र इकबाल) के बीच तीखी बहस हो रही थी। उस समय परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
पीड़ित भाई का आरोप है कि आरोपी पति नसीर के रामपुर जिले के टांडा निवासी ‘अफसाना उर्फ कल्लो’ नाम की महिला के साथ अवैध संबंध हैं। इस बात का विरोध करने पर नसीर आए दिन अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। घटना वाली रात भी मामला शांत होने के कुछ ही देर बाद नसीर ने अफसाना को फिर से बेरहमी से पीटा।
10 दिनों तक एम्स में चला इलाज, नहीं बच सकी जान(Hapur News)
पति के इस हिंसक व्यवहार और लगातार हो रही प्रताड़ना से बुरी तरह आहत होकर अफसाना ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपने ऊपर तेल उड़ेलकर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर जाकिर और उसकी बहन रिहाना तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया।
गंभीर हालत में अफसाना को पहले स्थानीय ‘जीवन अस्पताल’ ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए दिल्ली एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां 10 दिनों तक डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद 19 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया साजिश व उकसावे का मामला (Hapur News)
शिकायतकर्ता मोहम्मद जाकिर का साफ आरोप है कि नसीर और उसकी प्रेमिका अफसाना उर्फ कल्लो ने मिलकर एक सुनियोजित साजिश के तहत उसकी बहन को आत्महत्या करने पर मजबूर किया। परिजनों की मांग पर हाफिजपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










