Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News बदलते दौर में तकनीक जहां हमारे काम आसान कर रही है, वहीं कभी-कभी यह बड़ी मुसीबत का सबब भी बन जाती है। ऐसा ही एक मामला रविवार की रात हापुड़ में सामने आया, जहां गूगल मैप (Google Maps) पर भरोसा करना एक परिवार को बेहद भारी पड़ गया। रास्ता भटककर परिवार की कार एक गहरे नाले में जा फंसी, जिसके बाद कार के सभी दरवाजे ऑटोमैटिक लॉक हो गए। कार में मौजूद बच्चों और महिलाओं सहित पांच लोगों की जान हलक में अटक गई। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 और दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
ओवरब्रिज बंद होने पर लिया था गूगल मैप का सहारा (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र स्थित सद्दीपुरा निवासी साहिल अपने परिवार के साथ मेरठ जनपद के किठौर में एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। जब वे मेरठ रोड पर पहुंचे, तो वहां दिल्ली फाटक ओवरब्रिज पर मरम्मत का कार्य चलने के कारण रास्ता बंद था। आगे का रास्ता न जानने के कारण साहिल ने किठौर पहुंचने के लिए गूगल मैप की मदद ली।

पानी से लबालब नाले को समझ बैठे सड़क (Hapur News)
गूगल मैप ने उन्हें हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) की आनंद विहार योजना की तरफ से रास्ता दिखाया। मैप का अनुसरण करते हुए वे श्यामनगर फाटक के पास प्रीत विहार इलाके में पहुंच गए। वहां सड़क पर काफी पानी भरा हुआ था। अंधेरा होने के कारण साहिल को लगा कि सड़क पर मामूली जलभराव है और कार आसानी से निकल जाएगी। लेकिन जैसे ही उन्होंने कार आगे बढ़ाई, वह सड़क किनारे बने एक गहरे नाले में उतर गई और फंस गई।
View this post on Instagram
कार लॉक होने से मची अफरा-तफरी, दमकल ने बचाया (Hapur News)
नाले के पानी और कीचड़ में फंसते ही कार का इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम फेल हो गया और उसके चारों दरवाजे लॉक हो गए। कार के अंदर साहिल, गुड्डी, मोहम्मद ईशान और दो मासूम बच्चे कैद हो गए। खुद को फंसता देख और कार में पानी घुसने के डर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। साहिल ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सभी को सुरक्षित बाहर निकाला (Hapur News)
मौके पर पहुंची पीआरवी ने जब स्थिति की गंभीरता को देखा, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल केंद्र प्रभारी की अगुवाई में टीम तुरंत रेस्क्यू उपकरणों के साथ पहुंची। दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद कार के शीशे आदि के जरिए सभी पांचों सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। सुरक्षित बाहर आने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस और दमकल टीम का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। इस हादसे के बाद सहमा हुआ परिवार किठौर जाने के बजाय वापस दादरी लौट गया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


