चाईबासा, 22 मार्च (khabarwala24)। ओडिशा और झारखंड के कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय संयुक्त आवासीय प्रशिक्षण शिविर झारखंड के चाईबासा में रविवार से शुरू हो गया। ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर का मकसद पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए नेतृत्व को तैयार करना है।
शिविर का उद्घाटन एआईसीसी ट्रेनिंग इंचार्ज सचिन राव, झारखंड के सह-प्रभारी डॉ. सीरीबेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी, ओडिशा प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और ओडिशा विधायक दल के नेता रामचंद्र कादम की मौजूदगी में हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर में ओडिशा के 35 और झारखंड के 25 जिलाध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल से जुड़ी विस्तृत ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसके जरिए पार्टी जिला स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति तैयार कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह शिविर संगठन के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय और जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिविर के दौरान कई सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी की रणनीति, जनता से जुड़ाव के तरीके, स्थानीय मुद्दों की पहचान और उन्हें राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने पर चर्चा होगी।
इसके अलावा जिलाध्यक्षों को दो दिनों का फील्ड विजिट भी कराया जाएगा, ताकि वे अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर आम लोगों से सीधे संवाद कर सकें और जमीनी हकीकत को समझ सकें। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी करेंगे। इनमें के. राजू, अजय कुमार लल्लू, भक्त चरणदास, शशिकांत सेंथिल, प्रदीप यादव, राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप, बंधु तिर्की, डॉ. अभय सागर मिंज, संजय बसु मल्लिक और दयामनी बारला शामिल हैं।
शिविर का समापन 31 मार्च को होगा। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। उनके संभावित दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि वे संगठन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


