नई दिल्ली, 20 मार्च (khabarwala24)। इस साल भारत में रहने वाले पारसी शुक्रवार को नवरोज मना रहे हैं। इस अवसर पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी पारसी समुदाय को शुभकामनाएं दी और खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य व समाज में एकता की कामना की।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पारसी समुदाय के लोगों को नवरोज की मुबारकबाद दी। उन्होंने लिखा, “नवरोज मुबारक! यह त्योहार सभी के लिए आशा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।”
इसी तरह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, “पारसी नववर्ष के आगमन के प्रतीक नवरोज के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। नवरोज नवीनीकरण, आशा और नई शुरुआत का प्रतीक है और इसे शांति व समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यह विशेष अवसर सभी के लिए खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और सौहार्द लेकर आए और हमारे समाज में एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करे।”
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर पारसी समुदाय को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और लिखा, “पारसी नववर्ष ‘नवरोज’ की हार्दिक शुभकामनाएं।”
गौरतलब है कि नवरोज पारसी समुदाय में बेहद खास दिन माना जाता है। यह दिन उनके लिए नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है और वसंत ऋतु के पहले दिन को दर्शाता है। साथ ही नवरोज सर्दियों के खत्म होने और मौसम में बदलाव का भी संकेत देता है। इस दिन को बहुत ही खास तरीके से मनाया जाता है।
नवरोज का त्योहार सिर्फ पारसी समुदाय तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह सभी के लिए खुशी, आशा और नए अवसर का प्रतीक है। लोग अपने घरों और मंदिरों में पूजा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। परिवार और मित्रों के साथ मिलकर वे एक-दूसरे को बधाई देते हैं और नए साल की शुभकामनाएं साझा करते हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


