चंडीगढ़, 20 मार्च (khabarwala24)। हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने पांचवें विधायक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को कांग्रेस की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किया है। इससे पहले हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरीप्रसाद ने क्रॉस वोटिंग करने वाले चार विधायकों रेणु बाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इलियाज और मोहम्मद इजराइल के नाम सार्वजनिक किए थे।
बता दें कि हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती थी। इस चुनाव के दौरान वोट की गोपनीयता के उल्लंघन और क्रॉस-वोटिंग की शिकायत देखने को मिली थी। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध ने जीत दर्ज की थी। भाजपा समर्थित इंडिपेंडेंट कैंडिडेट सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा।
राज्यसभा चुनाव में 88 विधायकों ने मतदान किया था। इंडियन नेशनल लोकदल के दो विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग से दूर रहे थे। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के पास 48 सीटें हैं, कांग्रेस के पास 37 सीटें, इंडियन नेशनल लोकदल के पास दो सीटें और निर्दलीय उम्मीदवारों के पास तीन सीटें हैं।
जब वोटों की गिनती पूरी हुई तो दोनों पार्टियों के नेताओं ने अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि चुनाव की निष्पक्षता में दखल देने की कोशिशें की जा रही हैं। मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से अनुरोध किया था कि नतीजों की घोषणा से पहले वे पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करें।
बता दें कि कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने हरियाणा में पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायकों को बधाई दी थी। उन्होंने भरोसा जताया था कि पार्टी को पहले से ही जीत का भरोसा था और उसी विश्वास के साथ चुनाव लड़ा गया।
Previous articleनवरोज पर कांग्रेस नेताओं ने पारसी समुदाय को दी शुभकामनाएं, खुशहाली-समृद्धि की कामना की
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


