Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) के नव नियुक्त उपाध्यक्ष मुकेश चन्द्रा ने पदभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू करना उनकी मुख्य जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
2018 के हैं आईएएस अधिकारी (Hapur News)
मुकेश चन्द्रा ने बताया कि वह वर्ष 2004 बैच के पीसीएस अधिकारी बने थे और वर्ष 2018 में आईएएस अधिकारी बने। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनकी पहली नियुक्ति फिरोजाबाद में हुई, इसके बाद उन्होंने बरेली, मुरादाबाद समेत कई जनपदों में एसडीएम के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा मेरठ में सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर भी उन्होंने कार्यभार संभाला। हाल ही में वह बहराइच में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे, जहां से उनका तबादला कर हापुड़ में एचपीडीए उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
योजनाओं को दी जाएगी गति (Hapur News)
उन्होंने कहा कि हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय योजनाओं को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इनमें आनंद विहार आवासीय योजना, प्रीत विहार प्रथम व द्वितीय आवासीय योजना, हरिपुर आवासीय योजना और गढ़मुक्तेश्वर स्थित गंगाधाम आवासीय योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
लोगों की समस्याओं का होगा समाधान (Hapur News)
मुकेश चन्द्रा ने यह भी बताया कि वह प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रख सकेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहेगा। उनका प्रयास रहेगा कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



