ढाका, 12 फरवरी (khabarwala24)। कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने उम्मीद जताई है कि उनकी पार्टी बांग्लादेश के वोटरों के जनादेश से सत्ता हासिल करेगी।
रहमान ने गुरुवार सुबह ढाका स्थित मोनीपुर हाई स्कूल और कॉलेज स्थित निर्वाचन केंद्र पर वोट डालने के बाद यह बात कही।
बांग्लादेश के जाने-माने अखबार, द डेली स्टार ने रहमान के हवाले से कहा, “अगर वोटिंग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होती है, तो हम परिणाम मानेंगे। दूसरों को भी लोगों का फैसला मानना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “हम दुआ करते हैं कि यह चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, हिंसा रहित हो और सभी को मंजूर हो। हमें उम्मीद है कि एक ऐसी सरकार बनेगी जो किसी एक व्यक्ति, परिवार या पार्टी की नहीं, बल्कि इस देश के 18 करोड़ लोगों की होगी। हमें ऐसी सरकार बनने की उम्मीद है।”
जमात-ए-इस्लामी और उसके नेता, शफीकुर रहमान, पर आरोप है कि वे मतदाताओं को लुभाने के लिए धर्म और धन बल का सहारा ले रहे हैं।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जमात गठबंधन ने पार्टी को मदद करने वाले मतदाताओं को 15,000 बांग्लादेशी टका देने के ऑफर वाले पर्चे पूरे देश में बांटे हैं।
दस्तावेज में कहा गया है कि जो परिवार पार्टी को वोट देंगे, उनकी अगली जिंदगी “पाप मुक्त” होगी, और उन्हें “गंभीर सजा से भी मुक्ति” मिलेगी।
एनडीटीवी को मिले पर्चे में मतदाताओं से पोलिंग बूथ पर कैमरा फोन लाने और शफीकुर रहमान को वोट देने के सबूत के तौर पर बैलेट पेपर में उनके चिह्न पर ठप्पा लगी तस्वीर लेने को कहा गया है।
इसमें लिखा था, “आपको अपने परिवार के सभी सदस्यों से “दारी पल्ला” (तराजू) निशान के लिए वोट करने का वादा पूरा करना होगा। यह वादा आपकी अगली जिंदगी को पाप-मुक्त करेगा और गंभीर सजा से मुक्ति दिलाएगा। आपको चुनाव के दिन सुबह सेंटर पर जाना होगा और एक कैमरा फोन लाना होगा ताकि आप सबूत के तौर पर बैलेट पर ठप्पा लगाने के बाद फोटो ले सकें।”
पार्टी ने कहा कि चुनाव के नतीजे आने के बाद वोटरों को बीकैश (ऐप) या कैश के जरिए 15,000 टका भेजने का वादा किया गया था, साथ ही वोटर्स को बीकैश के जरिए कुछ अग्रिम भुगतान करने का वादा किया गया था।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


