Moradabad News: आदमखोर तेंदुए का तांडव, सोते समय 35 साल के दिव्यांग किसान को खींच ले गया जंगल, 25 दिन में 4 को मार चुका

Moradabad Leopard Attack: मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में आदमखोर तेंदुए ने सोते हुए 35 वर्षीय दिव्यांग किसान जगराज को मार डाला। 25 दिनों में 4 मौतों से हड़कंप।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

Khabarwala24 Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद अंतर्गत ठाकुरद्वारा क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात बहापुर बलिया गांव में चारपाई पर सो रहे 35 वर्षीय दिव्यांग किसान जगराज सिंह को तेंदुआ जबड़े में दबोचकर जंगल में खींच ले गया और उसकी हत्या कर दी। क्षेत्र में पिछले 25 दिनों के भीतर तेंदुए के हमले में यह चौथी दर्दनाक मौत है।

मासूम बच्चों को झोपड़ी के अंदर सुलाकर बाहर सो रहा था जगराज (Moradabad News)

घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के बहापुर बलिया गांव की है। 35 वर्षीय जगराज सिंह पेशे से ई-रिक्शा चालक था और अपने गांव के बाहर झोपड़ी बनाकर रहता था। तीन साल पहले उसकी पत्नी का देहांत हो चुका था, जिसके बाद से वह अपने 8 साल के बेटे और 6 साल की बेटी की अकेले ही परवरिश कर रहा था।

घर में पक्का दरवाजा न होने के कारण शुक्रवार रात जगराज ने दोनों बच्चों को खाना खिलाकर झोपड़ी के भीतर सुरक्षित सुला दिया और खुद बाहर चारपाई डालकर सो गया। रात के सन्नाटे में झपट्टा मारकर तेंदुआ उसे दबोच ले गया।

झोपड़ी से 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव (Moradabad News)

शनिवार की अलसुबह जब परिजनों को जगराज चारपाई पर नहीं दिखा, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब ग्रामीण और परिजन घर से महज 100 मीटर दूर जंगल और गन्ने के खेत की तरफ पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई।

तेंदुए ने जगराज की गर्दन को दांतों से काटकर धड़ से अलग कर दिया था और उसके सीने का हिस्सा खा चुका था। खून से लथपथ शव को देखकर गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।

बलिया गांव में तीसरी और ठाकुरद्वारा तहसील में चौथी मौत (Moradabad News)

ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के गांवों में तेंदुए का खौफ इस कदर हावी है कि लोग शाम ढलते ही अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। केवल बहापुर बलिया गांव में ही तेंदुए के हमले से यह तीसरी मौत है। इससे तीन दिन पहले भी खेत में काम कर रही एक महिला को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया था।

ठाकुरद्वारा तहसील के अंतर्गत पिछले 25 दिनों में आदमखोर तेंदुए के हमलों में अब तक कुल 4 लोगों (तीन महिलाएं और एक पुरुष) की जान जा चुकी है।

अमानगढ़ और रामगंगा का खादर इलाका बना तेंदुओं की पनाहगाह (Moradabad News)

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पास में ही अमानगढ़ और कालागढ़ का टाइगर रिजर्व जंगल स्थित है। साथ ही रामगंगा नदी का तटीय (खादर) इलाका भी सटा हुआ है।

ग्रामीणों की आशंका है कि जंगली जानवर नदी के रास्तों से निकलकर गांवों के आसपास मौजूद घने गन्ने के खेतों में छिप जाते हैं। इस समय गन्ने की फसल काफी ऊंची हो चुकी है, जिसका फायदा उठाकर तेंदुए आसानी से हमला कर सुरक्षित ठिकानों पर छिप जाते हैं।

DFO बोले: इस बार बाढ़ न आने से आमने-सामने की घटनाएं बढ़ीं (Moradabad News)

मुरादाबाद के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) डॉ. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि ठाकुरद्वारा का यह इलाका तेंदुओं का प्राकृतिक आवास (Habitation Zone) है।

DFO के अनुसार, “इस साल क्षेत्र में बाढ़ नहीं आई है, जिसके कारण किसान और ग्रामीण बिना किसी रुकावट के लगातार खेतों की ओर रुख कर रहे हैं। खेतों में इंसानी आवाजाही बढ़ने की वजह से तेंदुओं और इंसानों का आमना-सामना अधिक हो रहा है, जिससे हमलों के आंकड़े में इजाफा देखा जा रहा है।”

थर्मल ड्रोन और ट्रैप कैमरे तैनात, वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा (Moradabad News)

वन क्षेत्र अधिकारी रिजुल कंसल ने बताया कि बहापुर बलिया और आसपास के इलाकों को अति-संवेदनशील घोषित कर दिया गया है। तेंदुए की सही लोकेशन ट्रैकिंग के लिए आधुनिक थर्मल ड्रोन कैमरों से लगातार आस-पास के जंगलों की निगरानी की जा रही है।

इसके अलावा, आबादी और तेंदुए की आवाजाही वाले रास्तों पर हिडेन ट्रैप कैमरे, पिंजरे और ट्रैंकुलाइजर एक्सपर्ट्स (बेहोश करने वाली टीम) तैनात किए गए हैं। वन विभाग के अनुसार, इलाके में करीब 36 से 40 तेंदुओं की मौजूदगी का अनुमान है, जिनमें से अब तक 9 से 10 तेंदुओं को रेस्क्यू कर पकड़ा जा चुका है।

तमाम दावों के बावजूद लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है और वे वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi  से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
Sheetal Kumar Nehra
Sheetal Kumar Nehrahttps://www.khabarwala24.com/
मेरा नाम Sheetal Kumar Nehra है। मैं एक सॉफ्टवेयर डेवलपर और कंटेंट राइटर हूं , मुझे मीडिया और समाचार सामग्री में 17 वर्षों से अधिक का विभिन्न संस्थानों (अमरउजाला, पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स आदि ) में कंटेंट रइटिंग का अनुभव है । मुझे वेबसाइट डिजाइन करने, वेब एप्लिकेशन विकसित करने और सत्यापित और विश्वसनीय आउटलेट से प्राप्त वर्तमान घटनाओं पर लिखना बेहद पसंद है।

Related News

Breaking News