Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News (अमजद खान) उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ अंतर्गत सिंभावली क्षेत्र में अवैध और मानकों के विपरीत संचालित हो रहे क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हरोड़ा मोड़ स्थित ‘संजीवनी हेल्थ क्लीनिक’ पर पूर्व में हुई कार्रवाई के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। डिप्टी सीएमओ दिनेश भारती के नेतृत्व में हुई इस छापामार कार्रवाई से क्षेत्र में बिना मान्यता और अधूरी तैयारी के अस्पताल चलाने वाले झोलाछाप डॉक्टरों और संचालकों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी के दौरान दो क्लीनिक बंद, चार को नोटिस जारी (Hapur News)
कार्रवाई के दौरान हरोड़ा रोड पर संचालित हो रहे ‘आदर्श हेल्थ केयर सेंटर’ और ‘हमदर्द हेल्थ केयर सेंटर’ में गंभीर कमियां पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के चार अन्य क्लीनिकों के संचालकों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, ग्राम मुबारिकपुर में भी एक गैर-मानक (झोलाछाप) चिकित्सक के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई गई है।

मासूम बच्चे का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया विभाग (Hapur News)
मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएमओ दिनेश भारती ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सिंभावली क्षेत्र में फर्जी व अधूरे दस्तावेजों के आधार पर अस्पताल व क्लीनिक चलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे पूर्व लगभग एक सप्ताह पहले संजीवनी हेल्थ क्लीनिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में एक छोटा बच्चा मरीज की ग्लूकोज की बोतल ठीक करता और हाथ में सिरिंज (इंजेक्शन) लिए दिखाई दे रहा था। इस गंभीर लापरवाही का संज्ञान लेते हुए विभाग ने उक्त क्लीनिक को बंद कराया था।
नवीनीकरण न कराने पर होगी वैधानिक कार्रवाई (Hapur News)
क्लीनिक के दोबारा संचालित होने की चर्चाओं पर डिप्टी सीएमओ ने स्पष्ट किया कि संजीवनी हेल्थ क्लीनिक का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) नवीनीकृत नहीं पाया गया है और जांच में अन्य तकनीकी कमियां भी सामने आई हैं। फिलहाल क्लीनिक को बंद करा दिया गया है और विभागीय जांच पूरी होने के पश्चात संबंधितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










