खबरवाला 24 न्यूज हापुड़ : मेरठ रोड स्थित मोहल्ला नेहरूनगर से पिछले दिनों साफ सफाई का कार्य कर अपने घर लौट रही आवास विकास संजय विहार निवासी एक महिला पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। महिला के पैर की अंगूली टूट गई व शरीर के पांच हिस्सों पर गहरे जख्म हो गए।
संजय विहार निवासी बबीता घरों में काम कर अपने परिवार का पालन पोषण करती है। बबीता ने बताया कि वह नेहरूनगर में किसी काम से गई थी, जब वापस लौट रही थी तो एक घर से निकलकर पिटबुल कुत्ते ने उसका पैर पकड़ लिया। पैर की अंगूली को कुत्ते ने बुरी तरह से तोड़ दिया, बार बार काटने से बबीता बेहोश होकर नाली में गिर गई। गहरे जख्म आने से वह अब कामकाज भी नहीं कर पा रही है।
बेहद खुंखार है पिटबुल
पिटबुल कुत्तों को लेकर देशभर में बहस छिड़ी है, इसके पालने पर प्रतिबंध लगाने पर भी विचार हो चुका है। लेकिन हापुड़ में कई घरों के अंदर अभी भी इस खुंखार कुत्ते को देखा जा सकता है।
नगर पालिका में नहीं किसी कुत्ते का पंजीकरण
कुत्ता पालने के लिए नगर पालिका में पंजीकरण कराना होता है। लेकिन हापुड़ के नगर पालिका परिषद में एक भी कुत्ता पाले जाने का पंजीकरण नहीं हुआ है। खुंखार प्रजातियों के कुत्तों को लगातार घरों में पाला जा रहा है।
सीएचसी में रोजाना करीब 150 लोगों को लग रहा टीका
जिलेभर में कुत्तों, बंदरों का आतंक है, रोजाना 100 से 150 लोगों को ये काटकर घायल कर रहे हैं। गढ़ रोड सीएचसी में इन दिनों रोजाना रैबीज का टीका लगवाने वालों की संख्या करीब 150 तक पहुंच रही है।
कुत्ता, बंदर काटने वालों की संख्या बढ़ी
अस्पताल में कुत्ता, बंदर के काटने के बाद रैबीज का इंजेक्शन लगवाने वालों की संख्या बढ़ी है। 150 तक टीके लगाए जा रहे हैं, इन दिनों कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं। इनसे सावधानी बरतें। अगर किसी को कुत्ता या बंदर काटे तो रैबीज का इंजेक्शन तुरंत लगवाएं। इसमें देरी न करें। डॉ.दिनेश खत्री, सीएचसी अधीक्षक


