Khabarwala 24 News Hapur : Hapur News सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड हापुड़ ने सिंभावली समूह की ब्रजनाथपुर चीनी मिल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति के सचिव की ओर से थाना हाफिजपुर में मिल प्रबंधन के खिलाफ धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि चीनी मिल पर किसानों का कुल 99.80 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया है, जिसका भुगतान न करके मिल प्रबंधन हजारों किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
समय पर भुगतान न होने से किसान बेहाल (Hapur News)
समिति के प्रभारी सचिव राकेश पटेल द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 4000 टीसीडी पेराई क्षमता वाली बृजनाथपुर चीनी मिल पिछले कई वर्षों से जानबूझकर गन्ना मूल्य के भुगतान में देरी कर रही है। समय पर पैसा न मिलने के कारण क्षेत्र के हजारों किसान गहरे आर्थिक संकट में डूब गए हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि किसान अपने बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह और परिवार के इलाज जैसे अत्यंत आवश्यक और जरूरी कार्यों को भी पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
धनराशि को अन्य मदों में खर्च करने का आरोप (Hapur News)
तहरीर में मिल प्रबंधन पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। सचिव का कहना है कि चीनी, शीरा (मोलासेस), बगास और अन्य सह-उत्पादों की बिक्री से जो भारी-भरकम धनराशि प्राप्त हुई, उसे मिल प्रबंधन ने किसानों को देने के बजाय अन्य मदों में डाइवर्ट कर दिया। इसी वित्तीय हेराफेरी के कारण किसानों का भुगतान पूरी तरह प्रभावित हुआ। आंकड़ों के मुताबिक, 18 जून 2026 तक मिल पर 98.18 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य और 1.62 करोड़ रुपये का गन्ना विकास अंशदान बकाया है, जो मिलकर कुल 99.80 करोड़ रुपये बनता है।
2017 से एनपीए हैं मिल के खाते (Hapur News)
मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि बैंक ऋण की अदायगी समय से न करने के कारण मिल के खाते वर्ष 2017 से ही एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) घोषित हैं। खाते एनपीए होने की वजह से मिल की सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) सुविधा भी ठप पड़ी है, जिससे गन्ना भुगतान का संकट लगातार गहराता चला गया।
समिति ने साफ कहा है कि किसानों से गन्ना खरीदने के बाद भी उनका भुगतान न करना सीधे तौर पर विश्वासघात, धोखाधड़ी और गंभीर आर्थिक शोषण की श्रेणी में आता है। इसके चलते क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है और कभी भी कानून-व्यवस्था बिगड़ने या उग्र आंदोलन की स्थिति बन सकती है। तहरीर के आधार पर पुलिस से मिल की स्वामिनी गुरसिमरन मान कौर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच (Hapur News)
हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि समिति सचिव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


