Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित सिखेड़ा गांव में सोमवार दोपहर एकतरफा प्यार की सनक में एक खूनी वारदात सामने आई है। पड़ोस में रहने वाले एक सनकी युवक ने अपने प्रेम प्रस्ताव को ठुकराए जाने से नाराज होकर एक विवाहित महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला की गर्दन, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पति के काम पर जाते ही घर में घुसा सनकी पड़ोसी (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, सिखेड़ा गांव निवासी 37 वर्षीय खातून सोमवार दोपहर अपने घर पर अकेली थी। उसका पति इलियास रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था। आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला 20 वर्षीय सुहैल जबरन महिला के घर में घुस गया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक काफी समय से महिला पर अपने साथ रहने का अनैतिक दबाव बना रहा था। सोमवार को भी उसने महिला से अपने साथ चलने की जिद की, जिसका महिला ने कड़ा विरोध किया।
इंकार सुनते ही चाकू निकालकर किया जानलेवा हमला (Hapur News)
महिला द्वारा स्पष्ट रूप से मना करने पर आरोपी सुहैल आपा खो बैठा और दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और महिला पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस जानलेवा हमले में महिला की गर्दन, हाथ और पैरों पर गहरे जख्म आए। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी घर की तरफ दौड़े, तो आरोपी सुहैल मौके से भागने में सफल रहा।
परिजन आनन-फानन में घायल महिला को लेकर पिलखुवा कोतवाली पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गाजियाबाद के उच्च अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
दो महीने पहले भी हुआ था विवाद, ग्रामीणों ने कराया था शांत (Hapur News)
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सुहैल की इस सनक को लेकर करीब दो महीने पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस समय भी आरोपी महिला को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा हुआ था, लेकिन तब ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय पुलिस को सूचना देकर सख्त कार्रवाई की जाती, तो आज यह खूनी वारदात न होती।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश में दबिश जारी (Hapur News)
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी सुहैल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत व गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


