Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र में सुगम आवागमन, क्षेत्रीय विकास और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय सांसद अरुण गोविल ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को दो अलग-अलग पत्र भेजकर क्षेत्र की दो अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत करने तथा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का जोरदार आग्रह किया है। सांसद ने स्पष्ट किया कि हापुड़ बाईपास और एनएच-9 से जुड़े इन दोनों प्रकरणों का सीधा संबंध दर्जनों गांवों के लाखों ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों के दैनिक जीवन से है।
हापुड़ बाईपास पर धनौरा के समीप सर्विस रोड और उतार-चढ़ाव निर्माण की मांग (Hapur News)
सांसद अरुण गोविल ने अपने पहले पत्र में हापुड़ बाईपास स्थित ग्राम धनौरा के समीप सर्विस रोड के अभाव की गंभीर समस्या को रेखांकित किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि हापुड़ बाईपास का यह हिस्सा ग्राम धनौरा के पास स्थित स्वर्ग आश्रम रोड एवं कठेड़ा मार्ग को आसपास के अनेक गांवों से जोड़ता है। इस अत्यंत व्यस्त और संवेदनशील मार्ग पर एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए उपयुक्त सर्विस रोड और समतल उतार-चढ़ाव उपलब्ध नहीं है।
इस बुनियादी सुविधा के न होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों और किसानों को दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने पत्र में दुख जताते हुए उल्लेख किया कि समतल पहुंच मार्ग के अभाव में पूर्व में यहां कई गंभीर और जानलेवा सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई ग्रामीणों की असमय जान जा चुकी है। उन्होंने ग्राम धनौरा, दौमी, खड़खड़ी, असरा, लोटी, मुदाफरा, सरावनी तथा बझीलपुर-सूदना समेत दर्जनों गांवों के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु त्वरित सर्विस रोड निर्माण की मांग की है।
एनएच-9 से हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग पर प्रवेश एवं निकास रैंप की अनिवार्यता (Hapur News)
अपने दूसरे पत्र में सांसद गोविल ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-9 (NH-9) से हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग के लिए एंट्री (प्रवेश) और एग्जिट (निकास) रैंप के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूर्व में भेजे गए पत्राचार का हवाला देते हुए बताया कि एनएच-9 के किलोमीटर 56+700 एवं किलोमीटर 56+980 पर प्रस्तावित रैंप का निर्माण जनहित में अति आवश्यक है।
सांसद ने बताया कि इस मार्ग से लगभग 40 गांवों और समीपवर्ती शहरी क्षेत्रों की एक लाख से अधिक आबादी का आवागमन रोजाना होता है। इस क्षेत्र में तीन प्रमुख इंटर कॉलेज और एक डिग्री कॉलेज स्थित हैं, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई के लिए इसी मार्ग पर निर्भर रहते हैं। इसके अलावा, क्षेत्र के किसान अपनी कृषि उपज को दिल्ली तथा अन्य अंतरराज्यीय मंडियों तक ले जाने के लिए इसी हाईवे का प्रयोग करते हैं।
आपातकालीन सेवाओं में बाधा और जनसुरक्षा पर चिंता (Hapur News)
सांसद अरुण गोविल ने केंद्रीय मंत्री को ध्यान दिलाया कि रैंप न होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियों को लंबा चक्कर काटना पड़ता है, जिससे अमूल्य समय नष्ट होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने आग्रह किया कि क्षेत्रीय विकास, सुगम यातायात और जनसामान्य की सुरक्षा को देखते हुए दोनों परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं। सांसद ने दोहराया कि मेरठ-हापुड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय परिवहन ढांचा तैयार करना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
सांसद अरुण गोविल का जाता आभार (Hapur News)
हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग पर प्रवेश एवं निकास रैंप की मांग उठाने पर मदन सैनी, उमेश त्यागी, मोहित त्यागी, मयंक त्यागी, मुकेश सैनी, विजय त्यागी, अनिल त्यागी आदि ने सांसद अरुण गोविल द्वारा उनकी बड़ी समस्या को उठाने पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सांसद को बताया था कि इस रास्ते के न मिलने से क्षेत्र के किसानों को काफी परेशान हैं। एनएचएआई के अधिकारी बार बार अनुरोध करने के बाद भी सुन नहीं रहे थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




