Khabarwala 24 News Hapur: सदर विधायक विजय पाल आढ़ती के कैंप कार्यालय पर रविवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधायक विजय पाल आढ़ती ने गुरु रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उपस्थित लोगों को उनके विचारों से अवगत कराया।
संत गुरु रविदास भक्ति आंदोलन के महान संत (Hapur)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक विजय पाल आढ़ती ने कहा कि संत गुरु रविदास भक्ति आंदोलन के महान संत थे, जिन्होंने समाज को समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी से सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच के खिलाफ आवाज बुलंद की। उनका मानना था कि सभी मनुष्य समान हैं और किसी को भी जन्म के आधार पर छोटा या बड़ा नहीं माना जाना चाहिए।
मन चंगा तो कठौती में गंगा(Hapur)
विधायक ने कहा कि संत गुरु रविदास का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को आत्मज्ञान और सच्ची भक्ति का मार्ग दिखाता है। यह संदेश बताता है कि यदि मन पवित्र हो तो किसी विशेष स्थान या आडंबर की आवश्यकता नहीं होती। सच्ची भक्ति और ईश्वर की प्राप्ति का मार्ग मन की शुद्धता से होकर गुजरता है।
मानवता को सर्वोपरि मानते थे (Hapur)
उन्होंने बताया कि संत रविदास की सबसे प्रसिद्ध रचना ‘बीजक’ मानी जाती है, जिसमें सामाजिक समानता, मानवता और सत्य के गहरे विचार समाहित हैं। संत रविदास ने स्वयं को किसी एक धर्म या वर्ग से नहीं जोड़ा, बल्कि वे मानवता को सर्वोपरि मानते थे और सभी मनुष्यों की समानता के पक्षधर थे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में संत रविदास के विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं, जब समाज को एकजुट रखने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता है। संत रविदास का जीवन हमें प्रेम, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर चौधरी मुनेद्र, पिंटू, पूरन, शिवम कंसल, दीपक सैनी, मदन सैनी, नरेंद्र त्यागी, रिंकू कुमार, देवी दयाल एडवोकेट, अरविंद पंडित, अजय भास्कर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


