नई दिल्ली, 22 मार्च (khabarwala24)। कोको गॉफ ने शानदार वापसी करते हुए अपनी हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी एलिसिया पार्क्स को तीन सेटों में हराकर मियामी ओपन के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है।
शुरुआत में मुश्किलों के बावजूद गॉफ ने मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और कई ब्रेक प्वाइंट्स बचाए। मियामी में गॉफ चौथी बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में सफल रही हैं। 22 वर्षीय खिलाड़ी की कोशिश डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट में अपनी पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की होगी। गॉफ ने शुरुआती ब्रेक के साथ 2-0 की बढ़त बनाई लेकिन पार्क्स ने लगातार छह गेम जीतकर पहला सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद गॉफ ने जोरदार वापसी करते हुए मैच पर पूरी तरह से अपना दबदबा बना लिया और अगले 13 में से 12 गेम जीतकर 1 घंटे 50 मिनट में 2-6, 6-0, 6-1 से जीत हासिल की।
गॉफ ने अपनी जीत के बाद कहा, “यह सच में बहुत मुश्किल था। वह बहुत अच्छा खेल रही थीं, और वह उन खिलाड़ियों में से हैं जिनका खेल कभी-कभी बहुत अच्छा होता है तो कभी-कभी बिल्कुल भी नहीं चलता। इसी वजह से आप एक ऐसी बारीक रेखा पर फंस जाते हैं जहां आपको आक्रामक भी रहना होता है लेकिन साथ ही उन्हें खेलने का मौका भी देना होता है। मुझे लगता है कि मैं इस मामले में थोड़ा ज्यादा ही दूसरी तरफ झुक गई थी। फिर दूसरे और तीसरे सेट में मैंने आक्रामक खेलने की कोशिश की। मैंने रिटर्न पर कुछ बदलाव किए, और मुझे लगता है कि उसी से फर्क पड़ा।”
2025 सीजन की शुरुआत के बाद से यह अमेरिकी खिलाड़ी की डब्ल्यूटीए स्तर पर पहला सेट हारने के बाद 11वीं जीत थी। इस आंकड़े के मामले में वह मैडिसन कीज और अनास्तासिया पोटापोवा के साथ बराबरी पर हैं। इसी समय-सीमा में, एक सेट से पिछड़ने के बाद सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वालीं एकमात्र खिलाड़ी जेसिका पेगुला (13) हैं। इसके अलावा, साल 2000 के बाद जन्मी खिलाड़ियों में डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट्स में गॉफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उनके नाम 104 जीत हैं। गॉफ से आगे इगा स्वियातेक हैं, जिन्होंने डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट्स में 130 जीत दर्ज की हैं।
अब अगले राउंड में कोको गॉफ का मुकाबला सोराना सिर्स्टिया से होगा, जहां उनकी नजर डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट में अपने पहले क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर होगी। टूर पर अपना आखिरी सीजन खेल रहीं रोमानिया की अनुभवी खिलाड़ी सिर्स्टिया ने 21वीं वरीयता प्राप्त एलिस मर्टेंस को 6-3, 6-2 से हराया। गॉफ और सोराना का सामना अब तक एक बार हुआ है। 2022 ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में गॉफ सोराना पर भारी पड़ी थीं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


