नई दिल्ली, 15 फरवरी (khabarwala24)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आईसीसी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने फिर मुंह की खाई है। आईसीसी के सामने उसके तमाम ना-नुकूर, धमकी-विरोध और जिहादी प्रतिरोध सब बेकार हुए हैं।
विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मियां शरीफ ने बदमाशी कर बांग्लादेश को तो बिना खेले ही क्रिकेट से बाहर करा दिया, किंतु पाकिस्तान टीम को फिर से भारत के सामने ही हारने को खड़ा कर दिया।”
लोगों से राय मांगते हुए उन्होंने लिखा, “महाशिवरात्रि है और असुरों के संहारक भगवान भोले के अनन्य भक्त श्री राम की युद्ध भूमि लंका में आज क्रिकेट का रण सजेगा। क्या आज सायं काल हमारे पड़ोसी देश में फिर से क्रिकेट प्रेमियों और खेल द्रोहियों के बीच राम-रावण युद्ध होगा? क्या नापाक पाक को पहले ही अपने बाप भारत से हारने से पूर्व ही क्षमा नहीं मांग लेनी चाहिए?”
विनोद बंसल ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “आईसीसी वर्ल्ड कप में भारत की ओर से पाकिस्तान को हराने की जो यात्रा 1992 में सिडनी से शुरू हुई थी, वह अब कोलंबो तक पहुंच गई है। अब तक 16 वनडे और टी20 विश्व कप हो चुके हैं, जिनमें सिर्फ 2021 के दुबई मुकाबले को छोड़ सभी में भारतीय टीम की विजय पताका उत्तरोत्तर आगे बढ़ती रही है।”
विहिप नेता ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूर्यकुमार की तमतमाती विजय शालिनी सेना सलमान आगा की मनोबल हीन ना-पाक टीम को एक बार फिर से चारों कोने चित कर सुपर 8 में जगह बनाएगी।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना कर दिया था। इसके बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार के बयान चर्चाओं में रहे। मैच होने को लेकर अटकलों का दौर आखिर तब समाप्त हुआ, जब पाकिस्तान ने कहा कि उसने श्रीलंकाई राष्ट्रपति के अनुरोध पर भारत के खिलाफ मैच खेलना स्वीकार कर लिया।
रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा। यह मुकाबला ग्रुप ए का है, जहां दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर भारतीय टीम तालिका में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर काबिज है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


