चंडीगढ़, 13 सितंबर (khabarwala24)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘टीबी मुक्त भारत’ पहल के तहत चंडीगढ़ प्रशासन ने जमीनी स्तर पर सक्रिय प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान का लक्ष्य 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है। चंडीगढ़ भी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रयासरत है।
चंडीगढ़ में हाल ही में विभिन्न डिस्पेंसरी में टीबी से जूझ रहे मरीजों को 50 विशेष किट वितरित की गईं, जिनमें दवाएं, पोषण सप्लीमेंट्स और जागरूकता सामग्री शामिल हैं। यह कदम टीबी को जड़ से समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है, जिससे मरीजों को त्वरित उपचार और पोषण सहायता मिल सकेगी।
चंडीगढ़ प्रशासन ने पूरे शहर में लगातार कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है। स्टेट टीबी ऑफिसर की देखरेख में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें मरीजों को उपचार प्रक्रिया, दवाओं का नियमित सेवन और परिवार के सदस्यों की जांच के बारे में बताया जाता है। ‘हम मिलकर टीबी को समाप्त कर सकते हैं’ के संकल्प के साथ निक्षय शपथ कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंडीगढ़ इकाई ने भी इस अभियान का समर्थन किया है। भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि यह अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएं। मल्होत्रा ने जोर देकर कहा कि सरकार की योजनाओं से टीबी जैसी बीमारियां जल्द समाप्त होंगी, और चंडीगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने हाल ही में घोषणा की थी कि 100-दिवसीय तीव्र अभियान के तहत देशभर में 12.97 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग हुई, जिसमें 7.19 लाख से अधिक मरीजों की पहचान की गई। चंडीगढ़ ने इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार भी जीता है।
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत किट्स का वितरण सेक्टर 22 की एक प्रमुख डिस्पेंसरी में किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ये किट्स निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई हैं, जो मरीजों को मासिक 500 रुपए की सहायता के साथ पोषण युक्त आहार प्रदान करती हैं।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


