रांची, 10 फरवरी (khabarwala24)। रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में एक महिला और उसके नवजात शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-43 रांची–गुमला मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम किए रखा।
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नगड़ी बाजार इलाके में एक स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। स्कूटी चला रहा युवक दूर जा गिरा, जबकि पीछे बैठी 42 वर्षीय सुनीता देवी और उनका दूधमुंहा बच्चा ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सुनीता नगड़ी थाना क्षेत्र के केनके गांव निवासी भगत मुंडा की पत्नी थी। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने शाम करीब चार बजे एनएच-43 पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन भी गया। वे ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को दस लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
करीब तीन घंटे तक चले जाम के कारण रांची और गुमला की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही ठप रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
हादसे के थोड़ी देर बाद डीएसपी अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर आसित मोदी और नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
नगड़ी अंचलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल दस हजार रुपये की सहायता राशि परिजनों को दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


