नई दिल्ली, 15 फरवरी (khabarwala24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दिमाग पर झूठ पूरी तरह से हावी है। हर मामले में झूठ फैलाकर गुमराह करने वाली राजनीति की कहानी बनाना उनकी फितरत बन गई है।
समाचार एजेंसी khabarwala24 से बातचीत में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से एक सुनियोजित षड्यंत्र है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है, और जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां जनता कांग्रेस को और विपक्ष को रिजेक्ट कर रही है, तो ऐसे में वे देशवासियों को हर मुद्दे पर गुमराह करना चाहते हैं।”
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस की यही रणनीति है कि किसानों को बताओ कि आपका अहित हो गया, लेकिन भाजपा सरकार ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि किसी भी मायने में भारत के हितों के साथ सौदा नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद कांग्रेस झूठ और आरोप की राजनीति कर रही है।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “राहुल गांधी के दिमाग पर अब झूठ पूरी तरह से हावी हो गया है। विपक्ष के नेता के तौर पर उनसे जो व्यवहार की उम्मीद की जाती है, वह उनके कामों के बिल्कुल उलट है। चाहे बात करते समय उनका टोन हो या उनका ड्रेसिंग सेंस, हर मामले में झूठ फैलाकर गुमराह करने वाली राजनीति की कहानी बनाना कांग्रेस की फितरत बन गई है।”
भाजपा सांसद योंगेद्र चंदोलिया ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राहुल गांधी को कभी किसानों के बारे में नहीं बोलना चाहिए। वो यह भी नहीं जानते कि आलू खेतों में उगते हैं या फैक्ट्रियों में बनते हैं। कांग्रेस नेता का किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। राजनीति में भी वे किसी भी एंगल से फिट नहीं बैठते हैं।”
भाजपा के दोनों सांसदों ने ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले पर भी अपना जवाब दिया।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “भारत ने पाकिस्तान को जंग के मैदान में भी हराया है और अब हमारी क्रिकेट टीम आज क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान की टीम को धूल चटा देगी, जिससे पाकिस्तान को पता चल जाएगा कि भारत हर मामले में बेहतर है और सबसे श्रेष्ठ है।”
योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, “मैं भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। राजनीति और खेल दोनों अलग-अलग चीजें हैं। पाकिस्तान हमारा कट्टर दुश्मन है और उसे कुचलने में भारत कभी घबराता नहीं है। इसी तरह खेल में भी भारत पाकिस्तान को हराएगा।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


