मुंबई, 7 फरवरी (khabarwala24)। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर बवाल जारी है। हर तरफ फिल्म का विरोध जारी है। मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी सारी प्रचार-सामग्री को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
इसी बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन. तिवारी ने फिल्म का विरोध किया है और ओटीटी प्लेटफॉर्म को भी सेंसरशिप लगाने की सलाह दी है। उन्होंने रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी पर भी अपनी राय रखी।
निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने khabarwala24 से कहा, “पहले बार-बार सलमान खान को निशाना बनाने की कोशिश की गई, उसका कारण भी सामने नहीं आ पाया, और अब जुहू जैसे इलाके में जहां इतने बड़े-बड़े स्टार्स रहते हैं, वहां ऐसे हमले होना सही नहीं है। मुंबई पुलिस अपना काम ठीक से नहीं कर पा रही है और इससे सभी के ऊपर खतरा बना हुआ है। सरकार सिर्फ चुनाव की बात करती है, लेकिन सुरक्षा की नहीं। सरकार को नागरिकों की सुरक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हमारा फेडरेशन सुरक्षा को लेकर मोर्चा खोलने वाला है। हमारी मुलाकात जल्द ही श्रम मंत्री से होने वाली है, जहां हम कलाकारों की सुरक्षा को लेकर भी बात करेंगे क्योंकि अगर कोई मुंबई जैसी जगह पर सुरक्षित नहीं है तो देश में कहां सुरक्षित रहेगा?
नीरज पांडे द्वारा निर्देशित फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर मचे बवाल पर बी.एन. तिवारी ने कहा, “फिल्म का टाइटल ब्राह्मण समाज को टारगेट करने वाला और इल्जाम लगाने वाला है। अगर किसी ने ऐसा किया होता तो समझ आता कि फिल्म उस अकेले इंसान से जुड़ी है, लेकिन यहां सभी पंडितों को बदनाम करने वाली भावना दिखती है, जिससे किसी का भी आहत होना जायज है। फेडरेशन इन चीजों का विरोध करता है और जरूरत पड़ी तो इसके खिलाफ सख्त कदम भी उठाया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “पहले भी फिल्में बनती थीं, लेकिन सोशल मीडिया आने के बाद समय बदल चुका है। नेटफ्लिक्स जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म को भी इस बात की जांच करनी चाहिए। ऐसे विरोधाभास और विवाद पैदा करने वाले टाइटल पर ध्यान जरूरी है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक को भी देखना चाहिए कि वे किस तरह की फिल्म बना रहे हैं। यह टाइटल पूरे समुदाय पर आरोप लगाता है।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


