जामनगर, 8 फरवरी (khabarwala24)। गुजरात के जामनगर से भाजपा सांसद पूनमबेन मादम ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे सभी वर्गों और क्षेत्रों को साथ लेकर चलने वाला संतुलित बजट बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को पूरे देश के लिए जो यूनियन बजट पेश किया, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है।
पूनमबेन मादम ने khabarwala24 से बातचीत के दौरान कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक मजबूती को आगे बढ़ाने वाला है, बल्कि हर वर्ग की प्रगति सुनिश्चित करने का भी प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि बजट में समाज के सभी तबकों और अलग-अलग सेक्टरों का ध्यान रखा गया है, जिससे ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत को सार्थक रूप मिलता है। यह बजट भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो देश को विकास के नए आयाम देगा।
उन्होंने बजट के सेक्टर आधारित प्रावधानों पर बात करते हुए कहा कि एग्रीकल्चर, एमएसएमई, इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर और स्पोर्ट्स जैसे अहम क्षेत्रों को इस बजट के जरिए आगे बढ़ाने का स्पष्ट रोडमैप नजर आता है। खासतौर पर कृषि क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होंगे, जबकि इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
एमएसएमई सेक्टर को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि इस बजट के बाद आने वाले समय में उद्यमियों के लिए लोन लेना काफी आसान हो जाएगा, जिससे छोटे और मझोले उद्योगों को मजबूती मिलेगी और स्टार्टअप्स को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे देश में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर उत्पादन को गति मिलेगी।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए पूनमबेन मादम ने कहा कि बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए खास प्रावधान किए गए हैं, जो उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान की जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि भविष्य के भारत को मजबूत, समावेशी और विकसित बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


