नई दिल्ली, 14 फरवरी (khabarwala24)। नोएडा स्थित आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज परिसर में आयोजित सीएस इंडिया बॉर्डरलेस भारत कॉन्क्लेव में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउचिनो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना और भारत के बीच सहयोग आने वाले समय में और मजबूत होगा। हमारी अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं, इसलिए दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध लगातार बढ़ रहे हैं।
मारियानो काउचिनो ने बताया कि 2019 में आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद व्यापार और आर्थिक संबंधों में काफी वृद्धि हुई है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच आर्थिक लेन-देन करीब 5 अरब अमेरिकी डॉलर का है।
अर्जेंटीना के राजदूत ने कहा कि आज के समय में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका और दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं की पूरकता के कारण भारत अब अर्जेंटीना का छठा सबसे बड़ा आर्थिक साझेदार है।
उन्होंने भारत की आर्थिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भारत दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बना है और एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है।
राजदूत काउचिनो ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक सुधारों और बाजार आधारित नीतियों के कारण भारत ने बड़ी सफलता हासिल की है और करोड़ों लोगों को मध्यम वर्ग में शामिल किया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि “2025 दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक वर्ष रहा, क्योंकि उस वर्ष हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अर्जेंटीना में स्वागत करने का अवसर मिला।”
काउचिनो के अनुसार, “प्रधानमंत्री मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के बीच सकारात्मक बातचीत हुई, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।”
इससे पहले, महीने की शुरुआत में ही अर्जेंटीना में भारत के राजदूत अजय कुमार ने अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल कार्लोस अल्बर्टो प्रेस्टी से मुलाकात की थी। बैठक के दौरान अजय कुमार और लेफ्टिनेंट जनरल कार्लोस अल्बर्टो प्रेस्टी ने रक्षा मामलों पर दोनों देशों के बीच सहयोग समझौते पर जल्द हस्ताक्षर करने पर सहमति व्यक्त की थी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


