खबरवाला 24 न्यूज हापुड़: तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर बृहस्पतिवार से शुरू हुआ अधिवक्ताओं का धरना दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
शुक्रवार को अधिवक्ता एकत्र होकर तहसीलदार में पहुंचे और हंगामा करते हुए कार्यालय बंद कर दिया। अधिवक्ता अभिषेक तोमर ने आरोप लगाया कि तहसीलदार का आचरण हठधर्मिता पूर्ण है और किसी भी फाइल का निस्तारण तय समय में नहीं किया जा रहा है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शासन से दाखिल- खारिज के लिए 35 दिन समय सीमा निर्धारित है। बावजूद इसके दाखिल -खारिज करने में अतिरिक्त समय लिया जा रहा है। इस मामले के निपटारे के लिए उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने अधिवक्ताओं को वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन अधिवक्ता तहसीलदार के स्थानांतरण पर अड़े रहे।
तहसीलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि वह अपना काम ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ कर रहे हैं। उन पर लगाए गए समस्त आरोप निराधार हैं। वहीं इस मामले में उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं के साथ वार्ता की जा रही है।इस दौरान विनोद सिसोदिया, अमरपाल सिंह, सौरभ तोमर, राजीव तोमर, राहुल तोमर, रणदीप राघव, प्रदीप सिसोदिया मौजूद रहे।


