जालंधर, 6 फरवरी (khabarwala24)। पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लक्की ओबोराय की हत्या कर दी गई। मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर आप नेता की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें लक्की ओबोराय के शरीर में करीब पांच गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद जालंधर शहर में दहशत का माहौल बन गया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है। साथ ही, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
बताया जा रहा है कि लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लक्की ओबोराय, कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे और पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
घटना के बाद पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत परी ने बताया कि लक्की ओबोराय को एक से अधिक गोलियां लगी हैं और यह फायरिंग अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए राजनीतिक रंजिश, निजी दुश्मनी और अन्य संभावित एंगल्स की भी जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


