Khabarwala 24 News Hapur: Hapur थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर के जंगल स्थित आम के बाग में युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए मौके पर लोगों का तांता लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार जिला बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के रामनगर के सूरज (26 वर्षीय) ने गांव महमूदपुर के जंगल में एक व्यक्ति का आम का बाग ठेके पर लिया हुआ था। मंगलवार सुबह सुबह कुछ ग्रामीणों ने सूरज का बाग में पेड़ से लटका देखा। ग्रामीणों ने पुलिस को शव मिलने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और शिनाख्त के बाद मृतक के परिजन को सूचना दी। मामले की जानकारी पर स्वजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर विलाप करने लगे।
क्या कहती हैं पुलिस (Hapur)
थाना हाफिजपुर प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि सूरज के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि सूरज का सोमवार को परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद वह घर से बाग में आ गया था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख जांच कर रही है।



