खबरwala 24 न्यूज : ‘अज़ूर एयर’ एयरलाइन के मॉस्को से गोवा आ रहे विमान में बम होने की सूचना मिलने के बाद उसे गुजरात के जामनगर हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। आनन फानन में सुरक्षा दस्तों ने जांच की, हालांकि उसमें कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार विमान को सोमवार रात यहां आपात स्थिति में उतारा गया। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और स्थानीय पुलिस के दलों ने विमान की तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि विमान के जामनगर हवाई अड्डे से कुछ घंटों में अपने गंतव्य के लिए रवाना होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 236 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान में बम होने की सूचना पर सोमवार रात नौ बजकर 49 मिनट पर आपात स्थिति में उसे जामनगर हवाई अड्डे पर उतारा गया। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि विमान में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। एनएसजी ने विमान की तलाशी पूरी कर ली है। सामान वापस चढ़ाया जा रहा है और विमान के पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे रवाना होने की संभावना है।


