Khabarwala24 Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मिनी ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 23 वर्षीय नवविवाहित कंडक्टर जावेद अली की मौके पर ही मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
तड़के ढाई बजे वीएस सिनेमा के पास हुआ भयानक हादसा (Hapur News)
हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई। अमरोहा से माल लादकर दिल्ली की तरफ जा रहा एक मिनी ट्रक जैसे ही बस स्टैंड स्थित वीएस सिनेमा के सामने पहुँचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी ट्रक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और स्थानीय पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
6 महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम (Hapur News)
इस दर्दनाक हादसे में अमरोहा जिले के रजापुर थाना अंतर्गत अतरासी कला गांव निवासी 23 वर्षीय कंडक्टर जावेद अली की जान चली गई। वहीं मिनी ट्रक चला रहा 22 वर्षीय चालक अरमान बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि जावेद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और महज छह महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे घर का चिराग बुझा दिया। मौत की खबर गाँव पहुँचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपी चालक की तलाश तेज (Hapur News)
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक जावेद के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










