Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News इंस्टाग्राम के जरिए 22 लाख रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सऊदी अरब में नौकरी करने वाले एक भारतीय युवक को निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक महिला ने लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत और न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर संपर्क और निवेश का झांसा (Hapur News)
हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर की रहने वाली हुस्नारा के अनुसार, उनका बेटा मोहलसन पिछले लगभग चार वर्षों से सऊदी अरब में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। करीब दो वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात सोनाली वर्मा नाम की एक महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। आरोपी महिला ने खुद को निवेश योजनाओं का विशेषज्ञ बताकर युवक को झांसे में लेना शुरू किया। उसने दावा किया कि विभिन्न योजनाओं में पैसा लगाने पर रकम बहुत कम समय में दोगुनी हो जाएगी।
सऊदी रियाल और भारतीय मुद्रा में ट्रांसफर (Hapur News)
महिला की बातों में आकर युवक ने अलग-अलग किस्तों में करीब 82 हजार सऊदी रियाल (भारतीय मुद्रा में लगभग 21 लाख रुपये) आरोपी के बैंक खाते में भेज दिए। इसके अलावा एक लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी आरोपी महिला के खाते में ट्रांसफर की गई।
15 जून 2026 को जब मोहलसन सऊदी अरब से अपने घर वापस लौटा, तो उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत महिला से संपर्क कर पैसे वापस मांगने का दबाव बनाया। हालांकि, आरोपी महिला ने फिर से झांसा देते हुए जल्द पैसा लौटाने का भरोसा दिया और बातों में उलझाकर लगभग 92 हजार रुपये और जमा करवा लिए।
धमकी, अभद्रता और झूठे केस में फंसाने की साजिश (Hapur News)
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले, तो पीड़ित ने अपनी रकम दोबारा मांगी। आरोप है कि महिला ने बहानेबाज़ी शुरू कर दी और युवक को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया। वहां आरोपी महिला ने युवक की तस्वीरें खींच लीं, उसके साथ गाली-गलौज की और स्पष्ट कह दिया कि सारे पैसे खर्च हो चुके हैं। जब पीड़ित परिवार ने सख्त रुख अपनाया, तो महिला ने युवक और उसके पूरे परिवार को जान से मारने, झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की खुलेआम धमकियां दीं।
थाने में सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण (Hapur News)
पीड़ित मां हुस्नारा का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लाचार होकर परिजनों को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत के सख्त रुख के बाद हापुड़ देहात पुलिस हरकत में आई। आदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी सोनाली वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी (Hapur News)
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (और सोशल मीडिया चैट जैसे सभी डिजिटल व दस्तावेजी साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










