Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News (अमजद खान) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में थाना सिंभावली क्षेत्र स्थित हरोड़ा फीडर बिजली घर पर शनिवार (29 अगस्त) सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हादसा सामने आया है। यहां हुकमी गांव के पास ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने बिजली घर पर तैनात एसएसओ (SSO) और जेई (JE) पर अनैतिक गतिविधियों के विरोध में रंजिश रखते हुए जानबूझकर शटडाउन की प्लेट हटाकर बिजली चालू करने का संगीन आरोप लगाया है। इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ा था लाइनमैन (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरोड़ा उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत भीम सिंह उर्फ पप्पन (पुत्र शेरपाल) शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक शिकायत के निस्तारण के लिए हुकमी गांव के पास स्थित ट्रांसफार्मर के जोड़े पर काम करने गए थे। भीम नियमानुसार बिजली घर में स्थित पीडीडब्ल्यू भरना मशीन पर शटडाउन प्लेट रखकर काम करने के लिए गए थे, ताकि पीछे से कोई लाइन चालू न कर सके।

अनैतिक कार्यों के विरोध में रंजिश का आरोप (Hapur News)
मृतक के भाई राकेश ने थाना सिंभावली में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि हरोड़ा बिजली घर पर लगभग 10 दिन पूर्व तैनात हुआ एसएसओ अमरीश, जेई राजेश के इशारे पर अनैतिक कार्य करता था। भीम उर्फ पप्पन इसका लगातार विरोध करता था और उसने इसकी शिकायत जेई तथा अन्य साथी कर्मचारियों से भी की थी। इसी बात को लेकर अमरीश मन ही मन भीम से अंदरूनी रंजिश रखता था।
तहरीर के मुताबिक, जब भीम ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था, उसी दौरान मौका पाकर अमरीश ने मशीन पर रखी शटडाउन प्लेट हटा दी और रंजिशन लाइन में विद्युत प्रवाह चालू कर दिया। हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही भीम ट्रांसफार्मर पर ही बुरी तरह झुलस गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया (Hapur News)
घटना के बाद आनन-फानन में झुलसे हुए लाइनमैन भीम को इलाज के लिए हापुड़ के ‘देव नंदिनी हॉस्पिटल’ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भीम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और बिजली विभाग का रुख (Hapur News)
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ रमेश चंद ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और शासन-प्रशासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व सहायता राशि दिलाई जाएगी। वहीं, थाना सिंभावली प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से जेई और एसएसओ के खिलाफ नामजद तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










