Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News (अमजद खान) उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गाँव नंगलाबड़ में बुधवार की सुबह एक निर्माणाधीन मकान की दीवार और उस पर रखी गाटर-पटिया (छत) अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में गृहस्वामी, उनकी पत्नी, बच्चों और काम कर रहे मिस्त्री समेत कुल छह लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया।
बुधवार सुबह हुआ हादसा, मलबे में दबे 6 लोग (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंगलाबड़ निवासी यासीन खां अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। बुधवार सुबह मकान की नई बनी दीवार पर गाटर और पटिया रखने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार असंतुलित होकर नीचे आ गिरी, जिसके साथ ऊपर रखी गाटर और पटिया भी भरभराकर ढह गईं।
हादसे के वक्त दीवार के समीप मौजूद यासीन खां की पत्नी शबनम, बेटी हीना, अल्तमश, अरमान तथा पड़ोस के गाँव लुहारी निवासी मिस्त्री मलबे की चपेट में आ गए। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे को हटाया और एक-एक कर सभी घायलों को बाहर निकाला।

अस्पताल में भर्ती, प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे (Hapur News)
सभी घायलों को तुरंत निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) श्रीराम यादव और जिला चिकित्सा अधिकारी किशोर कुमार आहूजा समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।
प्रशासनिक मुआयना और सहायता का आश्वासन(Hapur News)
एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल और प्रशासनिक टीम को मौके पर विस्तृत निरीक्षण के लिए भेज दिया गया है। टीम हादसे के कारणों और हुए नुकसान का जायजा ले रही है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद शासन और प्रशासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को जो भी संभव आर्थिक व चिकित्सकीय सहायता होगी, वह तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










