Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ स्माल स्केल एसोसिएशन के तत्वावधान में दिल्ली रोड स्थित सबली गेट के पास विशाल कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया। उद्घाटन के दौरान पूरा शिविर परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘जय भोलेनाथ’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
शिव भक्तों का किया जा रहा जोरदार स्वागत (Hapur News)
सावन के इस पावन अवसर पर तीर्थ नगरी हरिद्वार और ब्रजघाट से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों और शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस शिविर में शिवभक्तों के विश्राम, फलाहार, भोजन, स्वच्छ पेयजल, गर्म पानी और प्राथमिक चिकित्सा (मेडिकल सुविधा) का 24 घंटे नि:शुल्क प्रबंध किया गया है ताकि लंबी पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा ईश्वर की आराधना (Hapur News)
भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना सीधे ईश्वर की आराधना करने के समान है। दूर-दराज के क्षेत्रों से कठिन पैदल यात्रा कर गंगाजल ला रहे कांवड़ियों को हर संभव सुविधा और सुरक्षा प्रदान करना हम सभी का सामाजिक एवं धार्मिक कर्तव्य है। हापुड़ स्माल स्केल एसोसिएशन द्वारा लगाया गया यह सेवा शिविर अत्यंत सराहनीय प्रयास है।”

सनातन संस्कृति, परंपरा और असीम आस्था का जीवंत प्रतीक (Hapur News)
धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने कहा कि सावन का यह पवित्र महीना हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और असीम आस्था का जीवंत प्रतीक है। कांवड़ सेवा शिविरों के माध्यम से शिवभक्तों की निःस्वार्थ सेवा करना भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा है। इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।”
हापुड़ की माटी शिवभक्तों के सेवा भाव के लिए पहचानी जाती है (Hapur News)
हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि “हापुड़ जनपद की माटी सदैव से ही शिवभक्तों के आदर-सत्कार और सेवा भाव के लिए पहचानी जाती है। उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ हमारे क्षेत्र के सामाजिक व व्यापारिक संगठन कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और आनंदमयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित हैं।”
सामाजिक उत्तदायित्वों को भी निभाना हमारी प्राथमिकता (Hapur News)
हापुड़ स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन गुप्ता: “व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक उत्तरदायित्वों को निभाना भी हमारी प्राथमिकता है। हमारी एसोसिएशन का प्रयास है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवड़िये को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें ताकि वे अपनी यात्रा सुखद यादों के साथ पूरी कर सकें।”

उद्योगपति, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद (Hapur News)
शिविर के उद्घाटन समारोह में हापुड़ जनपद के प्रमुख उद्यमियों, व्यापारिक नेताओं और राजनीतिक हस्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर कपिल एसएम, अशोक बबली, श्यामेंद्र त्यागी, मोहन सिंह, विनोद त्यागी, हापुड़ स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव संजय सिंहल, अमित मित्तल, भारत भूषण, पुरुषोत्तम शरण अग्रवाल और विनोद त्यागी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी उपस्थित अतिथियों ने कांवड़ियों को भोजन व जल वितरित कर सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई और पुण्य लाभ कमाया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




