Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश की हापुड़ देहात थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से विभिन्न जनपदों और दिल्ली से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। पकड़ा गया एक आरोपी कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका है और उस पर हत्या के प्रयास, डकैती व गैंगस्टर एक्ट जैसे 18 संगीन मामले दर्ज हैं।
श्रीजी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी (Hapur News)
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि हापुड़ देहात थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों के साथ श्रीजी पेट्रोल पंप के पास से गुजरने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो शातिर आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जीशान (मूल निवासी ग्राम कशेरुआ, थाना गजरौला, अमरोहा; हाल निवासी चमड़ा पैठ, जाकिर कॉलोनी, थाना लोहिया नगर, मेरठ) और मोनू उर्फ बब्बन (निवासी ग्राम साहबपुर, थाना गजरौला, अमरोहा) के रूप में हुई है।
दिल्ली-एनसीआर से चोरी की गई थीं 9 गाड़ियां (Hapur News)
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर बरामद 8 बाइकों और 1 स्कूटी में से:
- 3 बाइकें थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से चोरी हुई थीं।
- 1 स्कूटी हापुड़ कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई थी।
- 1 बाइक गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र से चुराई गई थी।
- अन्य वाहन अमरोहा और दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से चोरी किए गए थे।
कुख्यात अपराधी हैं दोनों आरोपी, 35 मुकदमे दर्ज (Hapur News)
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जीशान एक अत्यंत शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हापुड़, अमरोहा और दिल्ली के विभिन्न थानों में डकैती, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जीशान को एक मामले में अदालत से आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था। वहीं, दूसरे आरोपी मोनू उर्फ बब्बन के खिलाफ हापुड़, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद जिलों में 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
फर्जी कागजात बनाकर बेचते थे चोरी की गाड़ियां (Hapur News)
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों से वाहन चोरी कर उनके फर्जी कागजात तैयार करवाते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को सस्ते दामों में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस फिलहाल इनके अन्य साथियों और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


