Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News आगामी पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए हापुड़ प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को कोतवाली हापुड़ नगर परिसर में सीओ सिटी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ नगर के प्रमुख व्यापारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
रूट डायवर्जन चार्ज प्रस्तुत किया (Hapur News)
बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना, श्रद्धालुओं को सुगम मार्ग प्रदान करना और आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा से बचाना था। वार्ता के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत ‘रूट डायवर्जन चार्ट’ प्रस्तुत किया गया, जिस पर व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ गहन मंथन हुआ।
गंगा एक्सप्रेस वे से निकलेंगे भारी वाहन (Hapur News)
बैठक में सर्वसम्मति से एक बड़ा निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे और आसपास के मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए रूट में बदलाव किया जाएगा। नए डायवर्जन प्लान के तहत इस बार भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को छिजारसी टोल प्लाजा की ओर न भेजकर, सीधे ‘गंगा एक्सप्रेस-वे’ के रास्ते निकाला जाएगा। इस फैसले से हाईवे पर कांवड़ियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी न के बराबर हो जाएगी।
व्यापारी नेता ने क्या कहां
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वालो ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार होकि कांवरियो को कोई दिक्कत ना हो और ना ही व्यापार प्रभावी हो। इस विषय पर तय हुआ कि व्यापारियों की सुविधानुसार निजामपुर बाईपास से कांवरियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए वाहनों के आने जाने की सुविधा प्रदान की जाएगी। महामंत्री संजय अग्रवाल ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को आने जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विभाग द्वारा आपसी समन्वय बनाकर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
क्या कहती हैं सीओ सिटी (Hapur News)
सीओ सिटी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


