Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ ऑनलाइन निवेश के झांसे में आकर एक व्यक्ति को 39 लाख रुपये की भारी चपत लग गई। ठगी का यह मामला ‘मोबिक्रिप’ नामक कथित कंपनी के नाम पर अंजाम दिया गया है। पीड़ित सरताज अजीज ने साइबर क्राइम थाना हापुड़ में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला? (Hapur News)
पीड़ित सरताज अजीज के अनुसार, मोहित सैनी नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और उन्हें ‘मोबिक्रिप’ कंपनी के माध्यम से निवेश करने के लिए उकसाया। आरोपी ने खुद को परिचित बताते हुए पीड़ित का भरोसा जीता और कंपनी के ‘सुरक्षित’ होने का दावा किया। आरोपी ने 8 से 10 प्रतिशत मासिक रिटर्न का प्रलोभन दिया और आश्वासन दिया कि निवेश वर्ष 2030 तक पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
आरोपी ने बड़ी ही चतुराई से वर्ष 2024 में पीड़ित से 10 लाख रुपये का निवेश करवाया। विश्वास जीतने के लिए शुरुआत में आरोपी ने कुछ छोटी रकम का रिटर्न भी दिया, जिससे पीड़ित को लगा कि निवेश वाकई फायदेमंद है। इसके बाद, आरोपी ने वर्ष 2025 में पीड़ित की डिग्री का उपयोग कर उस पर लोन करवाया और 28 लाख रुपये का और बड़ा निवेश करवा दिया। यही नहीं, आरोपी ने इस निवेश जाल में कई अन्य डॉक्टरों को भी फंसा लिया।
ऐसे खुला ठगी का राज (Hapur News)
काफी समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने बारीकी से जांच की, तो पता चला कि रिटर्न का भुगतान कंपनी के आधिकारिक खाते से नहीं, बल्कि संदिग्ध निजी खातों से किया जा रहा था। यह स्पष्ट रूप से एक पोंजी स्कीम थी, जहाँ नए निवेशकों से जमा राशि के जरिए पुराने निवेशकों को भुगतान कर उन्हें झांसे में रखा जाता था। पिछले करीब 10-12 महीनों से पीड़ित को कोई भुगतान नहीं मिला है, जबकि वह लोन की भारी ईएमआई का बोझ उठाने को मजबूर है।
पुलिस जांच में जुटी (Hapur News)
साइबर पुलिस ने पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए लेनदेन और बातचीत के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मोहित सैनी (निवासी रुड़की, हरिद्वार) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों को भी न्याय मिल सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


