Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News मेरठ विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग के एक स्टेनो को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी चमन सिंह का जीएसटी विभाग में एक कार्य लंबित था। सहायक आयुक्त खंड-चार में तैनात स्टेनो बाबू जयदीप ने कार्य कराने के एवज में 24 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। आरोपी ने रिश्वत न देने पर फाइल लंबित रखने और काम में बाधा डालने की धमकी दी थी। इससे परेशान चमन सिंह ने मेरठ विजिलेंस टीम में शिकायत दर्ज कराई।
विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल (Hapur News)
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच की। जांच में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सादी वर्दी में विजिलेंस टीम रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंची। तय योजना के अनुसार पीड़ित चमन सिंह आरोपी स्टेनो पास पहुंचा और रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही आरोपी जयदीप ने रुपये ले लिए, विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जीएसटी कार्यालय में मची अफरा तफरी (Hapur News)
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे जीएसटी कार्यालय में हड़कंप मच गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हापुड़ कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
आरोपी के खिलाफ दर्ज कराया जा रहा मुकदमा (Hapur News)
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि आरोपी जयदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कराया जा रहा है।
सरकारी विभागों के कर्मचारियों में मची अफरा तफरी (Hapur News)
विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई से न केवल जीएसटी कार्यालय बल्कि अन्य सरकारी विभागों में भी हलचल मच गई है। कर्मचारियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भ्रष्टाचार पर लगातार नकेल कसी जाएगी।मेरठ विजिलेंस टीम के इस अभियान को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अधिकारीयों का कहना है कि आम जनता को किसी भी प्रकार की रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर तुरंत सूचित करें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


