Khabarwala24 News: हापुड़ (Hapur) में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर मसूरी-गुलावठी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित यूपीएसआईडीसी सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कविता मीना और मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने की। इस दौरान श्रमिकों और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन की दरों को लागू करने, बढ़ी हुई मजदूरी का समय से भुगतान सुनिश्चित करने तथा बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सेवायोजकों और श्रमिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और श्रमिकों की परेशानियों को सुना गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान नियमों के अनुसार जल्द किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी सेवायोजकों से अपील की कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का पालन किया जाए और प्रत्येक माह की 7 तारीख तक श्रमिकों के खातों में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही श्रमिकों को वेतन पर्ची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि श्रमिक और उद्योग एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इसलिए श्रमिकों के लिए सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण तैयार करना आवश्यक है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिल सके।
संगोष्ठी में मौजूद सेवायोजकों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने इन निर्देशों पर सहमति जताई। कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर हितलाभ भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मनोज कुमार, तहसीलदार प्रवेश कुमार, सहायक श्रमायुक्त सर्वेश कुमारी, श्रम परिवर्तन अधिकारी सुधा तोमर, डीजीएम यूपीएसआईडीसी सरल यादव, सहायक निदेशक कारखाना कृपांशु गुप्ता सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और सेवायोजक उपस्थित रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


